Nationwide Chemist Strike Today
नई दिल्ली: देशभर में आज मेडिकल स्टोर और दवा दुकानों पर बड़ा असर देखने को मिल सकता है। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर 15 लाख से ज्यादा केमिस्ट और दवा विक्रेता हड़ताल पर रहेंगे।
यह देशव्यापी बंद ऑनलाइन दवाइयों की बिक्री और बड़ी कॉर्पोरेट फार्मेसी कंपनियों के खिलाफ बुलाया गया है। संगठन का कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर भारी छूट और नियमों के कथित उल्लंघन से छोटे मेडिकल स्टोर कारोबारियों को बड़ा नुकसान हो रहा है।
AIOCD के अध्यक्ष जगन्नाथ शिंदे ने बताया कि संगठन कोविड काल के दौरान जारी कुछ सरकारी नोटिफिकेशन वापस लेने की मांग कर रहा है, जिनके जरिए ऑनलाइन दवा बिक्री को बढ़ावा मिला।
अस्पतालों की मेडिकल दुकानें खुली रहेंगी
हालांकि संगठन ने साफ किया है कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी। अस्पतालों से जुड़ी मेडिकल दुकानें खुली रहेंगी और जरूरी दवाइयों की आपूर्ति जारी रहेगी।
ऑनलाइन दवा बिक्री पर उठाए सवाल
संगठन का आरोप है कि कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बिना वैध प्रिस्क्रिप्शन के एंटीबायोटिक्स, नकली दवाइयां और नियंत्रित दवाएं बेच रहे हैं, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।
AIOCD का कहना है कि ऑनलाइन कंपनियां 20 से 50 प्रतिशत तक छूट दे रही हैं, जिससे छोटे केमिस्ट दुकानदारों के लिए कारोबार चलाना मुश्किल हो गया है।
कई शहरों में दवा खरीदने में हो सकती है परेशानी
हड़ताल के चलते कई शहरों में आम लोगों को नियमित दवाइयां खरीदने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। संगठन ने कहा है कि यह विरोध प्रदर्शन दवा कारोबारियों के हितों और दवा बिक्री व्यवस्था में सख्त नियम लागू करने की मांग को लेकर किया जा रहा है।
