Railway Property Looted in Shahjahanpur
शाहजहांपुर: जिले से रेलवे संपत्ति पर खुलेआम लूट से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। थाना कोतवाली क्षेत्र के केरुगंज रेलवे लाइन के पास रेलवे के पेड़ों की अवैध कटान की जा रही थी। काटे गए पेड़ों को वाहन में लोड कर दूसरी जगह ले जाने की पूरी तैयारी थी।
इसी दौरान स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन चालक सहित तीन अन्य लोगों को पकड़ लिया। मामले की सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। आरपीएफ ने मौके से रेलवे की लकड़ी बरामद की, वाहन को जब्त किया और पकड़े गए लोगों को अपने साथ ले गई।
बताया जा रहा है कि यह घटना 27 जनवरी 2026 की है। इस मामले में मघई टोला निवासी एक महिला पर रेलवे के पेड़ों को चोरी से कटवाने का आरोप है। वीडियो फुटेज में महिला को पेड़ कटवाते हुए साफ देखा जा सकता है। इसके अलावा मौके से पकड़े गए चार लेबरों ने भी पूछताछ के दौरान उसी महिला का नाम लिया।

इसके बावजूद न तो महिला को गिरफ्तार किया गया और न ही उसके खिलाफ कोई कार्रवाई की गई। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब वीडियो सबूत मौजूद हैं और गिरफ्तार लेबर भी महिला का नाम ले रहे हैं, तो फिर मुख्य आरोपी पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
फिलहाल आरपीएफ ने चार लेबरों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन मुख्य आरोपी पर कार्रवाई न होने से आरपीएफ की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि उच्च अधिकारी इस पूरे मामले में संज्ञान लेते हैं या नहीं।
