Ujjaini Express Engine Derails During Shunting in Rishikesh
ऋषिकेश: योगनगरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार को बड़ा रेल हादसा टल गया। शंटिंग के दौरान उज्जैनी एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतर गया और मेंटेनेंस यार्ड में खड़ी खाली बोगी एक पिलर से टकरा गई। घटना के बाद रेलवे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसा ब्रेक सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण हुआ। शंटिंग के दौरान इंजन अचानक अनियंत्रित हो गया, जिससे उसके पहिए पटरी से उतर गए।
राहत की बात यह रही कि ट्रेन उस समय खाली थी, इसलिए किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी के घायल होने की खबर नहीं है। अगर ट्रेन में यात्री मौजूद होते तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। रेलवे की ओर से इंजन को दोबारा पटरी पर लाने और तकनीकी जांच का काम शुरू कर दिया गया है।
वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि इंजन के पहिए पटरी से उतरने की घटना हुई है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
इस घटना के बाद रेलवे की तकनीकी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल रेलवे प्रशासन हादसे के कारणों की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है।
