Pickpocket Caught at Aliganj Crossing, Chaos Erupts
शहर के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित अलीगंज तिराहे पर जेबकतरों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। सोमवार को अलीगंज चुंगी के पास एक राहगीर की जेब काटते हुए एक युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। घटना के बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ।
बताया जा रहा है कि पीड़ित ने जेब कटने का एहसास होते ही शोर मचा दिया। आवाज सुनकर पास में मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आरोपी युवक को पकड़ लिया।
इसी दौरान हिंदू नगर इलाके की कुछ महिलाएं और बच्चे मौके पर पहुंच गए और आरोपी को छुड़ाने की कोशिश करने लगे। पुलिस और महिलाओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिलाओं और बच्चों ने पुलिस पर दबाव बनाकर आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने किसी तरह स्थिति को संभाला और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हंगामा और धक्का-मुक्की साफ दिखाई दे रही है।
पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
