Shocking Murder in Shahjahanpur
शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
मामला थाना पुवायां क्षेत्र के भटपुरा चंदू गांव का है, जहां बुधवार सुबह एक युवक की खून से लथपथ लाश चारपाई पर पड़ी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय बलराम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बलराम की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है।
मृतक के भाई राजू ने पुलिस को दी गई तहरीर में गंभीर आरोप लगाए हैं। राजू का कहना है कि बलराम की पत्नी पूजा के अपने ही भांजे आदेश के साथ अवैध संबंध थे। बलराम इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहा था, जिसको लेकर घर में आए दिन विवाद होता रहता था।
आरोप है कि इसी रंजिश के चलते पत्नी पूजा ने अपने प्रेमी आदेश और उसके दो अन्य साथियों के साथ मिलकर बलराम को चारपाई पर दबोच लिया और धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
