Heatwave Alert in Lucknow, Monsoon Expected by June 23
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में गर्मी लगातार तेज होती जा रही है। शनिवार को सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जिससे भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनेगी।
आज शहर का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। दिनभर तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री रहा। वहीं हवा में नमी का स्तर भी काफी ज्यादा रहा, जिससे उमस महसूस की गई।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य समय से पहले केरल पहुंच सकता है। अनुमान है कि मानसून 26 मई तक केरल के तट पर दस्तक देगा।
इसके बाद मानसून धीरे-धीरे उत्तर भारत की ओर बढ़ेगा। यूपी में मानसून सबसे पहले गोरखपुर के रास्ते प्रवेश करेगा और करीब 23 जून तक लखनऊ पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून आने तक प्रदेश में गर्मी और लू का असर लगातार बना रहेगा।
