Police Encounter in Etah, Two Robbers Arrested
एटा: जनपद में देर रात थाना जैथरा और जसरथपुर पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया जबकि उसके साथी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान बदमाश अरमान के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी शकील को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। दोनों आरोपी मैनपुरी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस, 3500 रुपये नकद और बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने थाना जसरथपुर क्षेत्र में एक महिला से कुंडल लूटने और थाना जैथरा इलाके में बैग लूट की वारदात को कबूल किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह का एक अन्य साथी रफीक अभी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
