Policeman Killed in Road Accident in Shahjahanpur
शाहजहांपुर: जनपद में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस विभाग के एक जवान की मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार बंडा थाने में तैनात पुलिसकर्मी दिनेश कुमार की कार थाना पुवायां क्षेत्र स्थित ओवरब्रिज की शुरुआत में अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे में दिनेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि दिनेश कुमार हरियाणा के भिवानी जिले के रहने वाले थे। वह किसी जरूरी काम से शहर आए हुए थे और काम खत्म करने के बाद वापस बंडा थाना लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।
हादसे में कार में मौजूद एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे की जानकारी मृतक पुलिसकर्मी के परिजनों को दे दी गई है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस हादसे के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।
