BBD University Students Protest Over Poor Food Quality
लखनऊ: राजधानी लखनऊ की BBD यूनिवर्सिटी में मेस के खराब खाने को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। बीटेक और बीसीए के छात्रों ने देर रात यूनिवर्सिटी कैंपस में जमकर प्रदर्शन किया और भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए।
छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल मेस में लगातार खराब और घटिया खाना दिया जा रहा है। जब उन्होंने इसकी शिकायत वार्डन और प्रशासन से की तो उनके साथ अभद्रता की गई। कुछ छात्रों ने मारपीट का आरोप भी लगाया है।
मामला बढ़ने पर CMD ब्लॉक में भारी हंगामा शुरू हो गया। नाराज छात्र हॉस्टल से निकलकर लखनऊ-अयोध्या हाईवे की ओर बढ़ गए और सड़क जाम करने की कोशिश की। इस दौरान यूनिवर्सिटी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने साफ कहा कि वे अब खराब खाना नहीं खाएंगे और बाहर से भोजन मंगाएंगे। छात्रों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद खाने की गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन मौके पर पहुंचा और छात्रों को समझाने की कोशिश की। काफी देर तक चली बातचीत और कार्रवाई के आश्वासन के बाद छात्रों ने प्रदर्शन खत्म किया।
छात्रों ने ब्लॉक हेड शुभम प्रताप सिंह पर भी विवाद और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। वहीं BBD थाने के इंस्पेक्टर का कहना है कि फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।
गौरतलब है कि BBD यूनिवर्सिटी पहले भी कई विवादों को लेकर चर्चा में रह चुकी है।
