Man Dies After Car Accident in Lucknow, Family Demands Arrest
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि लापरवाही से कार चलाने के दौरान एक युवक को कुचल दिया गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक बीती रात करीब 10:30 बजे वाहन संख्या UP 32 JE 4578 (Grand i10) का चालक अनिल कुमार सिंह गाड़ी को पार्किंग में लगा रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन से नियंत्रण हट गया और निशातगंज पहली गली निवासी अजाउर रहमान को कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल अजाउर रहमान को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में शोक का माहौल फैल गया।
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर कार को कब्जे में ले लिया है। हालांकि अब तक आरोपी चालक की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में भारी नाराजगी है। परिवार का कहना है कि अगर जल्द आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे शव को थाने के सामने रखकर प्रदर्शन करेंगे।
घटना के बाद इलाके में लोगों में भी गुस्सा देखा जा रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी।
