Pet Dog Attacks 6-Year-Old Girl in Bulandshahr
बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के पहासू थाना क्षेत्र के नगला खेड़ा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां नमाज पढ़ने जा रही करीब 6 साल की मासूम बच्ची पर एक पालतू कुत्ते ने हमला कर दिया, जिससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजनों के मुताबिक बच्ची गांव में नमाज पढ़ने जा रही थी, तभी रास्ते में कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया और कई जगह काट लिया। हमले में बच्ची को काफी चोटें आई हैं, जिसके बाद परिवार ने उसका इलाज कराया।
आरोप है कि जब बच्ची के माता-पिता कुत्ते के मालिक से शिकायत करने पहुंचे तो उसने उल्टा उनके साथ मारपीट की और गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़ित परिवार का कहना है कि दबंगई दिखाते हुए आरोपी ने उन्हें धमकाया भी।
इसके बाद बच्ची के माता-पिता ने पहासू थाने पहुंचकर आरोपी कुत्ते मालिक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। हालांकि परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
घटना के बाद गांव में लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
