अगर आप शराब पीने के शौकीन है, तो यह खबर आपको सावधान करने वाली है। जो शराब आप पी रहे है, कही वह नकली तो नहीं है। क्योंकि आगरा पुलिस ने एक ऐसी ही अवैध और नकली शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
घर के अंदर ही नकली शराब की फैक्ट्री बनाई गई थी, यह नकली शराब आगरा समेत बिहार में सप्लाई होनी थी, लेकिन तभी पुलिस, आबकारी और सर्विलांस की टीम ने छापा मारा, पुलिस को देख आरोपियों ने शराब के मैटेरियल में आग लगा दी।
मामला थाना कागारौल क्षेत्र के अकोला गांव का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव के रहने वाले सत्यप्रकाश अपने दो बेटों और 5 अन्य लोगों के साथ मिलकर घर के अंदर ही अवैध शराब की फैक्ट्री चला रहा है। जिसके बाद पुलिस ने आबकारी विभाग और सर्विलांस की टीम ने मिलकर छापा मारा। पुलिस को देख अफरा तफरी मच गई।
फैक्ट्री में रखी शराब बनाने के मैटेरियल में सत्यप्रकाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर आग लगा दी। पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी सत्यप्रकाश, नरेश, उम्मेद सिंह और प्रशांत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में इन आरोपियों ने बताया कि सत्यप्रकाश अपने दो बेटों और अन्य लोगों के साथ मिलकर अंग्रेजी नकली शराब की फैक्ट्री चलाता था।
इस नकली शराब की सप्लाई आगरा समेत बिहार में होनी थी। पानी, स्प्रैट और केमिकल के जरिए नकली अंग्रेजी शराब तैयार की जाती थी। जिसके बाद इसको बेचने का काम होता था।
पुलिस ने मौके से 74 पेटी नकली शराब, 50 लीटर स्प्रेट, 89 खाकी शराब की बोतले और पैकिंग का सामान बरामद किया है। अब पुलिस फरार आरोपी कृष्णा, शिवशंकर, सौरभ, और धर्मवीर की तलाश में जुटी है। फरार आरोपी सौरभ और शिव शंकर मुख्य आरोपी सत्यप्रकाश के बेटे है।
