NEET-UG 2026 Paper Leak Spread Across Multiple States, Mastermind Arrested in Jaipur
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियों को अब एक बड़े अंतरराज्यीय रैकेट के संकेत मिले हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के तार महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा और उत्तराखंड तक जुड़े हो सकते हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि लीक हुई प्रश्नपत्रिका की पहली डिजिटल कॉपी महाराष्ट्र के नासिक में शेयर किए जाने का शक जताया जा रहा है।
इस मामले में जयपुर से गिरफ्तार किए गए आरोपी मनीष को पूरे पेपर लीक कांड का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। जांच एजेंसियों के अनुसार, मनीष ने परीक्षा से पहले ही संभावित सवालों तक पहुंच बना ली थी और इन्हें “गेस पेपर” के नाम पर कुछ छात्रों तक पहुंचाया गया।
राजस्थान SOG, केंद्रीय जांच एजेंसियां और कई राज्यों की पुलिस मिलकर मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक, जिन छात्रों को यह कथित गेस पेपर दिया गया था, उसमें शामिल 100 से ज्यादा सवाल असली NEET परीक्षा में पाए गए। इसके बाद पूरे देश में हड़कंप मच गया और पेपर लीक की आशंकाएं तेज हो गईं।
जांच में क्या-क्या सामने आया?
जांच एजेंसियों की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, पेपर लीक का नेटवर्क कई राज्यों में सक्रिय था। राजस्थान से शुरू हुई जांच महाराष्ट्र के नासिक, फिर हरियाणा और उत्तराखंड तक पहुंच गई है। माना जा रहा है कि लीक हुई प्रश्नपत्रिका की डिजिटल कॉपी सबसे पहले नासिक में शेयर की गई थी।
इसी आधार पर जांच एजेंसियों ने कई मोबाइल फोन, लैपटॉप और सोशल मीडिया चैनलों की फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है। कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।
कौन है इस रैकेट का मास्टरमाइंड?
जांच एजेंसियों को शक है कि इस पूरे नेटवर्क में कोचिंग संस्थानों से जुड़े लोग, दलाल और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हो सकते हैं। मुख्य आरोपी के तौर पर मनीष का नाम सामने आया है।
सूत्रों के मुताबिक, राजस्थान के एक PG छात्र के जरिए प्रश्नपत्र बाहर निकाला गया और फिर इसे अलग-अलग राज्यों में फैलाया गया। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई हैं।
NTA की भूमिका पर उठे सवाल
परीक्षा से पहले National Testing Agency ने पेपर लीक की सभी खबरों को अफवाह बताया था और परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित कहा था। लेकिन बड़ी संख्या में सवाल मैच होने के बाद अब NTA की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
छात्रों में भारी नाराजगी
पेपर लीक मामले के सामने आने के बाद देशभर के छात्रों में भारी गुस्सा है। छात्र सवाल उठा रहे हैं कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद परीक्षा का पेपर आखिर कैसे लीक हो गया। कई राज्यों में री-NEET की मांग तेज हो गई है और छात्र संगठन लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
