₹800 Crore Flyover Turns Safety Concern After Falling Concrete Sparks Panic
जबलपुर। शहर में करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किया गया फ्लाईओवर अब लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है। मंगलवार दोपहर अचानक फ्लाईओवर से कंक्रीट के बड़े-बड़े टुकड़े नीचे गिरने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता के चलते कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन जमीन पर गिरे टुकड़ों का आकार देखकर संभावित खतरे का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
फ्लाईओवर की गुणवत्ता को लेकर यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी उद्घाटन से पूर्व इसमें दरारें सामने आई थीं, जिन्हें जांच के बाद “एक्सपेंशन” बताकर नजरअंदाज कर दिया गया था। अब एक बार फिर कंक्रीट गिरने की घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद डर और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है।
मामले में PWD ब्रिज डिवीजन के EE पटले से संपर्क नहीं हो सका, जबकि EE शिवेंद्र सिंह ने इसे मौसम में बदलाव के कारण “स्लरी” के झड़ने की सामान्य प्रक्रिया बताया। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि समय रहते चिपिंग का कार्य किया जाना चाहिए था। घटना के बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुधार कार्य शुरू कर दिया गया, लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इतनी बड़ी परियोजना में ऐसी लापरवाही की जिम्मेदारी कौन तय करेगा।
