Australian Open 2026
ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 की शुरुआत 18 जनवरी से होगी, जिसको लेकर मुख्य ड्रॉ का ऐलान किया जा चुका है। साल के पहले ग्रैंड स्लैम में टेनिस जगत के कई बड़े खिलाड़ी कोर्ट पर एक्शन में दिखाई देंगे। पिछली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन में पुरुष सिंगल का खिताब जेनिक सिनर ने अपने नाम किया था, तो वहीं महिला सिंगल का खिताब मेडिसन कीज जीतने में कामयाब रही थी, जिसके बाद फिर से उनकी नजरें लगातार दूसरी बार इस खिताब को जीतने पर रहने वाली हैं। हालांकि इसके लिए उन्हें काफी कड़े मुकाबलों का सामना करना होगा, जिसमें नोवाक जोकोविच और कार्लोस अल्कारेज का नाम शामिल है। वहीं इस बार महिला खिताब जीतने की रेस में अर्याना सबालेंका और ईगा स्वायितेक का नाम शामिल है।
इस दिन खेला जाएगा फाइनल मुकाबला
ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के शेड्यूल को लेकर बात की जाए तो उसमें 18 से 20 जनवरी तक पहले राउंड के मुकाबले खेले जाएंगे, वहीं 21 और 22 जनवरी को दूसरे राउंड के मैच होंगे, जबकि 23 और 24 जनवरी को तीसरे राउंड के मैचों की शुरुआत होगी। 25 और 26 जनवरी को चौथे राउंड के मैच खेले जाएंगे, जबकि 27 और 28 जनवरी को क्वार्टर फाइनल मैच होंगे। 29 जनवरी को महिला सिंगल्स के दोनों सेमीफाइनल मैच होंगे तो वहीं 30 जनवरी को पुरुष सिंगल्स के सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। 31 जनवरी को महिला सिंगल्स का फाइनल मुकाबला होगा तो वहीं एक फरवरी को पुरुष सिंगल्स का फाइनल मैच खेला जाएगा।
