Family Attempts Self-Immolation Over Land Grabbing
भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा जबरन कब्जे से नाराज पीड़ित परिवार ने लोक भवन के गेट नंबर-9 के सामने आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस ने समय रहते पीड़िता और उसके भांजे को पकड़कर बड़ी घटना होने से रोक लिया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि उनकी जमीन पर जबरन कब्जा किया जा रहा है और लगातार दबाव बनाया जा रहा है। पुलिस ने पीड़ित परिवार को समझाया और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
पीड़िता का आरोप है कि भू-माफियाओं को न तो पुलिस का डर है और न ही बुलडोजर का। उन्होंने बताया कि भू-माफियाओं ने उनके भाई को शराब पिलाकर प्लांट के रास्ते की निकासी का बहाना बनाते हुए जमीन का एग्रीमेंट करवा लिया।
आरोप है कि गांव के दबंग भू-माफिया नीरज कुमार वर्मा और रविन्द्र यादव ने धोखे और कूटनीति से पीड़िता के भाई की 08 बिस्वा जमीन कौड़ियों के दाम में एग्रीमेंट करा ली।
पीड़िता का कहना है कि अब दबंग भू-माफिया दबाव बनाकर जमीन की रजिस्ट्री कराने की कोशिश कर रहे हैं। वह इस मामले को लेकर पहले भी कई बार थाने और अधिकारियों के चक्कर लगा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़िता ने आज मीडिया के सामने आकर न्याय की गुहार लगाई और प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
