NTPC Fly Ash Vehicles Havoc: Two Killed in Late-Night Accident, Family Blocks Road in Protest
गाडरवारा: क्षेत्र में NTPC के फ्लाई ऐश परिवहन करने वाले भारी वाहनों का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। आज सुबह मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने आमगांव नाका मार्ग पर शवों को बीच सड़क पर रखकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि NTPC से निकलने वाले फ्लाई ऐश डंपर और भारी वाहन तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और लापरवाही के साथ सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिसके कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई बार शिकायतों और विरोध प्रदर्शन के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब मृतकों के परिजनों ने साफ कर दिया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। परिजन आमगांव नाका पर ही अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए।
परिजनों की प्रमुख मांगों में मृतक परिवार को 10 लाख रुपए मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग शामिल है। फिलहाल प्रशासन इन मांगों को तत्काल मानने की स्थिति में नहीं दिख रहा, जिससे टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है।
मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रवि शेखर जायसवाल ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एनटीपीसी के राखड़ डंपर पूरी तरह बेलगाम हो चुके हैं और इन पर तत्काल सख्त कार्रवाई होना जरूरी है। उन्होंने अवैध रूप से चल रहे कार्यों को तुरंत बंद करने की मांग भी उठाई।
उन्होंने पिछले तीन दिनों में हुई चार मौतों के लिए गाडरवारा प्रशासन को सीधे जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस अधीक्षक से थाना प्रभारी और एसडीओपी गाडरवारा को तत्काल निलंबित करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और परिजनों को समझाने का प्रयास जारी है, लेकिन हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं। पूरे क्षेत्र की नजर अब प्रशासन और परिजनों के बीच होने वाली बातचीत पर टिकी हुई है।
