Jhansi Horror: Father Kills 3-Year-Old Son, Dies by Suicide
उत्तर प्रदेश: के Jhansi जिले के रक्सा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। ढीमरपुरा गांव में एक पिता ने अपने तीन साल के मासूम बेटे की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी प्रेम सिंह अपने परिवार के साथ रहता था। शुक्रवार रात उसकी पत्नी और अन्य परिवारजन आंगन में सो रहे थे, जबकि प्रेम सिंह किसी शादी समारोह में गया हुआ था। देर रात घर लौटने के बाद उसने सो रहे बेटे भरत को मां के पास से उठाया और कमरे में ले गया।
बताया जा रहा है कि कमरे के अंदर उसने चाकू से मासूम का गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी रस्सी के सहारे फांसी लगा ली।
शनिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे जब पत्नी की नींद खुली, तो उसने कमरे की खिड़की से झांककर देखा। अंदर का दृश्य देखकर वह चीख पड़ी। कमरे में पति का शव फंदे से लटक रहा था, जबकि बेटे का खून से सना शव जमीन पर पड़ा था।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सीओ सदर Ramveer Singh, डायल-112 टीम, रक्सा थाना प्रभारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
