SHO’s Brave Act to Save Child, Video Goes Viral
मेरठ (यूपी): मेरठ में एक थाना प्रभारी की बहादुरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी लोग जमकर सराहना कर रहे हैं। मामला टीपी नगर इलाके का है, जहां एक गहरे नाले में 10 वर्षीय बच्चे के गिरने की सूचना मिली। बताया गया कि बच्चा नाले में झुककर कांच की बोतल निकालने की कोशिश कर रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ा और वह नाले में गिर गया। हालांकि, करीब 12 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
यह घटना सोमवार की बताई जा रही है। दिल्ली रोड स्थित नवीन मंडी गेट के सामने हादसे की जानकारी मिलते ही टीपी नगर थाना प्रभारी अरुण मिश्रा और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। हालात की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने खुद गहरे नाले में उतरकर बच्चे की तलाश शुरू की।
जेसीबी मशीन से हटाई गई सिल्ट
नाले के ऊपर भारी मात्रा में कचरा जमा था और नीचे पानी का बहाव तेज था। अधिक गहराई और सिल्ट के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आईं। स्थिति को देखते हुए नगर निगम की टीम ने जेसीबी मशीनें मंगवाईं। नाले में जमा कचरा और सिल्ट हटाकर बच्चे को ढूंढने का हर संभव प्रयास किया गया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।
काफी मशक्कत के बाद टीपी नगर थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल बच्चे के नाले में गिरने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पूरे नाले की गहन तलाशी ली गई है, लेकिन अब तक कुछ भी बरामद नहीं हुआ है।
