Congress to Raise Foreign Policy, Economy, MGNREGA and Public Interest Issues in Parliament
नई दिल्ली: कांग्रेस ने एक बार फिर मोदी सरकार को घेरने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने मंगलवार को कहा कि बुधवार से शुरू हो रहे संसद के बजट सत्र में वह सरकार की विदेश नीति, अमेरिकी टैरिफ, डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरती कीमत, मनरेगा से जुड़े मुद्दों और जनहित से संबंधित कई अन्य विषयों को उठाएगी।
सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक के बाद राज्यसभा में कांग्रेस के उप नेता प्रमोद तिवारी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार संविधान से मिले अधिकारों को कमजोर कर रही है और संवैधानिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष विदेश नीति पर भी सवाल उठाएगा। उनका कहना था कि देश की विदेश नीति की दिशा स्पष्ट नहीं है और यह भी तय नहीं हो पा रहा है कि भारत किन देशों के साथ खड़ा है।
आर्थिक नीतियों पर बात करते हुए प्रमोद तिवारी ने कहा कि रुपया अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। उन्होंने अमेरिका द्वारा लगाए जा रहे टैरिफ और रूसी तेल की खरीद के मुद्दे का भी जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली और अन्य स्थानों पर गंभीर वायु प्रदूषण की स्थिति को लेकर चिंता जताई और कहा कि इस विषय को भी संसद में उठाया जाएगा। उन्होंने इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के मामले को भी प्रमुख मुद्दा बताया।
मनरेगा को लेकर कांग्रेस नेता ने कहा कि इस योजना से न केवल महात्मा गांधी का नाम हटाया जा रहा है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी खत्म किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस बजट सत्र के दौरान जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने, ‘वोट चोरी’ और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को भी संसद में उठाएगी।
