Lucknow Fire Incident: Over 200 Huts Burnt, No Casualties Reported, Rescue Ops Ongoing
लखनऊ: के विकासनगर रिंग रोड पर लगी भीषण आग को लेकर पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सिंह सेंगर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि जैसे ही आग लगने की सूचना मिली, तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
कमिश्नर के अनुसार, मौके पर पहुंचते ही सबसे पहले झोपड़ियों में रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें आवश्यक राहत मुहैया कराई जा रही है। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस बड़े ऑपरेशन में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमों को लगाया गया था। इसके अलावा जिला प्रशासन और सीएमओ की टीम भी मौके पर मौजूद है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस घटना में अब तक किसी भी तरह की जनहानि की खबर नहीं है, जो एक बड़ी राहत की बात है। हालांकि आग में 200 से ज्यादा झोपड़ियां जलकर खाक हो गई हैं, जिससे कई परिवार प्रभावित हुए हैं।
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि जब तक राहत और बचाव कार्य पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता, तब तक किसी को भी प्रभावित क्षेत्र में जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
वहीं, आग लगने के कारणों को लेकर विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि आखिर इतनी बड़ी घटना कैसे हुई, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
