Violence Erupts Again in Noida, Workers Pelt Stones at Police, Vehicles Vandalized
नोएडा में मजदूरों के प्रदर्शन के बीच एक बार फिर हिंसा भड़क गई है। सोमवार को हुए बवाल के बाद मंगलवार सुबह भी कई सेक्टरों में हालात तनावपूर्ण बने रहे। सेक्टर-121 में प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बसों और अन्य वाहनों में भी जमकर तोड़फोड़ की और शीशे तोड़ दिए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
वहीं सेक्टर-80 में भी पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आईं, जहां पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उपद्रवियों को खदेड़ दिया। इसके अलावा सेक्टर-70 में भी मजदूरों ने प्रदर्शन किया, जहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच आमना-सामना हुआ। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए पूरे नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कई इलाकों में फ्लैग मार्च किया जा रहा है।
इधर सेक्टर-63 स्थित एक फैक्ट्री के बाहर बड़ी संख्या में श्रमिक इकट्ठा हो गए। जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री प्रबंधन ने 15 तारीख तक छुट्टी का नोटिस जारी किया था, लेकिन मजदूरों को डर था कि अगर उन्होंने हाजिरी नहीं लगाई तो उनका वेतन कट सकता है। इसी वजह से वे फैक्ट्री गेट पर पहुंच गए।
स्थिति को देखते हुए मौके पर पहुंची पुलिस और पीएसी ने श्रमिकों को समझाकर वापस भेज दिया और उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर ध्यान दिया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
