Major Road Accident in Ghazipur: Tourist Bus Overturns, 2 Women Dead, 35 Injured
गाजीपुर: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नंदगंज थाना क्षेत्र के नैसारे गांव के पास वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि करीब 35 यात्री घायल हो गए।
मृतकों की पहचान अन्नपूर्णा देवी (50 वर्ष) निवासी पुणे और सरस्वती देवी (70 वर्ष) निवासी बुलढाणा के रूप में हुई है। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के जलगांव और आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालु पहले वाराणसी पहुंचे थे, जहां से वे टूरिस्ट बस के जरिए नेपाल के काठमांडू गए थे। दर्शन के बाद लौटते समय यह हादसा हुआ।
पुलिस के मुताबिक, नैसारे गांव के पास एक बोलेरो को बचाने के प्रयास में बस चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि मामले की जांच जारी है।
एएसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हाल जाना और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
