First Snowfall of the Season in Jammu & Kashmir
जम्मू-कश्मीर की भद्रवाह घाटी में लंबे समय के बाद इस सर्दी की पहली बर्फबारी दर्ज की गई। इसके साथ ही पटनीटॉप, नथाटॉप, सनासर और बटोटे जैसे इलाकों में भी मौसम की पहली बर्फ गिरी, जिससे ठंड और बढ़ गई है।
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण तापमान में भारी गिरावट आई है। राज्य के कुसुमकेरी इलाके में न्यूनतम तापमान माइनस 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बर्फबारी की वजह से प्रदेश में 1291 सड़कें बंद हैं। रास्तों को खोलने के लिए 385 मशीनें लगाई गई हैं। हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में कुल मिलाकर 1300 से अधिक सड़कों से बर्फ हटाने का काम जारी है।
उत्तर प्रदेश के 20 जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
हरियाणा और पंजाब के कई शहरों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 25 जनवरी को हरियाणा के 7 जिलों में पाले की चेतावनी दी है। वहीं पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रक्षा मंत्रालय के डिफेंस जियोमैट्रिक्स रिसर्च एस्टैबलिशमेंट (DGRE) ने उत्तराखंड में बर्फबारी को देखते हुए पांच जिलों में अगले 24 घंटों के लिए हिमस्खलन का हाई अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में हाल ही में हुई बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला है, लेकिन मौसम में बदलाव के चलते ठंड और बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-NCR में बादल छाए रहने की संभावना बनी हुई है।
