Republic Day Preparations in Bhagalpur: Final Parade Rehearsal Conducted at Sandes Compound
भागलपुर में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। इसी क्रम में शहर के ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड मैदान में परेड की फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई।
रिहर्सल में बिहार बटालियन की कई कंपनियों के जवानों के साथ एनसीसी कैडेट्स और स्काउट एवं गाइड की टीम ने भाग लिया। परेड रिहर्सल के दौरान अनुशासन और तालमेल पर विशेष ध्यान दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, मंच संचालन और अतिथियों के स्वागत से जुड़ी तैयारियों का भी निरीक्षण किया गया।
फाइनल रिहर्सल में भागलपुर के जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक सहित जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जवानों और कैडेट्स का उत्साह बढ़ाया और कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
26 जनवरी को सैंडिस कंपाउंड मैदान में मुख्य समारोह आयोजित होगा, जिसमें बिहार सरकार के कई मंत्री शामिल होंगे। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और तिरंगे को सलामी दी जाएगी। जिला प्रशासन का कहना है कि गणतंत्र दिवस समारोह को शांतिपूर्ण और गरिमामय तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।
