Badaun Road Accident: Mason’s Body Dragged for 3 Km After Bike Collision Near Lalpul
बदायूं में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां कादरचौक से लौट रहे बाइक सवार राजमिस्त्री घलेंद्र (50) का शव एक कार में फंसकर करीब तीन किलोमीटर तक सड़क पर घिसटता रहा। यह घटना शुक्रवार रात सदर कोतवाली क्षेत्र के लालपुल के पास हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लालपुल तिराहे पर पीछे से आ रहे एक कार सवार ने आगे चल रही कार के चालक को उसके वाहन के नीचे शव फंसे होने की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और करीब 45 मिनट तक यातायात बाधित रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। जांच के दौरान मृतक की पहचान बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग निवासी घलेंद्र के रूप में आधार कार्ड के माध्यम से की गई।
पुलिस के अनुसार, हादसा नौशेरा पंप के पास हुआ होगा। हालांकि, मौत टक्कर से हुई या फिर शव के घसीटने के दौरान, इसको लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।
फिलहाल पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, घटनास्थल और पूरे मार्ग के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मृतक के परिजन पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंच चुके हैं।
