Car Catches Fire in Korba After Garbage Blaze Spreads, Fire Brigade Controls Situation
कोरबा: सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सेंट पॉलिटी स्कूल के पीछे स्थित एक कॉलोनी में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब खड़ी एक कार अचानक आग की चपेट में आ गई और देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगी।
कार में आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पास में खड़ी अन्य गाड़ियों को तुरंत वहां से हटाया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना और मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, वहीं कुछ देर बाद सीएसईबी की दमकल टीम भी पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक कार काफी हद तक जल चुकी थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कॉलोनी में रहने वाले हेमंत राठौर के घर आए एक रिश्तेदार की कार वहां खड़ी थी। पास में पड़े कचरे और झाड़ियों में लगी आग धीरे-धीरे फैलते हुए कार तक पहुंच गई, जिससे यह हादसा हुआ।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कचरे में आग कैसे लगी। स्थानीय निवासी विजय कुमार ने फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद दमकल और पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच जारी है।
