Mining Department Takes Major Action Against Illegal Transport
सरगुजा जिले के सीतापुर और बतौली क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ माइनिंग विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है मांड और मैनी नदी में खुलेआम चल रहे रेत के अवैध उत्खनन पर कार्यवाही करते हुए विभाग ने एक साथ कई वाहनों को जब्त किया है
सरगुजा जिले के सीतापुर और बतौली इलाके में माइनिंग विभाग ने अवैध खनन के खिलाफ व्यापक जांच अभियान चलाया।खनिज अधिकारी अनिल कुमार साहू के निर्देशन में माइनिंग विभाग के सुरेश सिंह सुपरवाइजर के टीम ने केसला, मिठुआ, राधापुर, मंगरैलगढ़, नवाटोली, काराबेल और प्रतापगढ़ क्षेत्रों में दबिश दी।
जांच के दौरान रेत के अवैध परिवहन में लगे 14 ट्रैक्टर और 1 हाईवा वाहन को मौके पर जब्त किया गया।वहीं, रास्ते में अवैध गिट्टी परिवहन करते हुए 6 हाईवा और 1 टीपर वाहन भी पकड़े गए।इस तरह कुल 22 वाहनों को जब्त कर सीतापुर, बतौली और रघुनाथपुर थानों की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।
मामले में खान एवं खनिज अधिनियम 1957 की विभिन्न धाराओं के तहत अर्थदंड की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।खनिज अधिकारी अनिल कुमार साहू ने साफ कहा है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।इस पूरी कार्रवाई में माइनिंग विभाग, नगर सैनिक और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।
