SIT Report Ready in Noida Sector-150 Techie Death Case
नोएडा के सेक्टर-150 में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। इस सनसनीखेज हादसे की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने अपनी रिपोर्ट लगभग तैयार कर ली है, जिसे आज यानी शनिवार को शासन को सौंपे जाने की संभावना है।
यह मामला अब सिर्फ एक हादसे तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सिस्टम की लापरवाही, प्रशासनिक चूक और आपसी समन्वय की कमी पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। SIT की जांच इस अहम मोड़ पर पहुंच चुकी है, जहां यह साफ हो सकता है कि युवराज की मौत दुर्घटना थी या फिर समय पर मदद न मिलने का नतीजा।
80 से ज्यादा अधिकारियों के बयान दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT ने व्यापक स्तर पर पूछताछ की है। शुक्रवार को नोएडा अथॉरिटी के दफ्तर में पूरे दिन गहमागहमी बनी रही। SIT ने पुलिस, जिला प्रशासन, डिजास्टर मैनेजमेंट विभाग, NDRF, SDRF, फायर डिपार्टमेंट और नोएडा अथॉरिटी से जुड़े करीब 80 अधिकारियों और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान टीम ने कंट्रोल रूम के कॉल रिकॉर्ड, घटनास्थल पर तैनात फील्ड स्टाफ की ड्यूटी लिस्ट और विभिन्न विभागों के बीच तालमेल से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। अधिकारियों से यह भी पूछा गया कि घटना की सूचना मिलने के बाद रिस्पांस टाइम कितना था और रेस्क्यू ऑपरेशन में आखिर कहां चूक हुई।
प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल
SIT का फोकस इस बात पर भी है कि अगर समय पर राहत और बचाव कार्य सही तरीके से शुरू हो जाता, तो क्या युवराज की जान बचाई जा सकती थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विभागों के बीच समन्वय की कमी और देरी इस मामले में अहम कारण हो सकती है।
अब सबकी नजरें SIT की रिपोर्ट पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि रिपोर्ट सामने आने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की सिफारिश की जा सकती है, जिससे यह मामला एक अहम नजीर बन सकता है।
