Major Excise Action in Ujjain, Woman Arrested; 82 Litres of Illegal Liquor Seized
उज्जैन: आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला आरोपिया भारती को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में विदेशी मदिरा, स्प्रिट और बीयर जब्त की है।
मदिरा के अवैध भंडारण, विक्रय एवं परिवहन पर नियंत्रण के उद्देश्य से कलेक्टर उज्जैन रोशन कुमार सिंह के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त निधि जैन के मार्गदर्शन में आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी मुकेश रंधा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि मक्सी रोड स्थित गोपालपुरा क्षेत्र में भारती पति पवन के घर में बड़ी मात्रा में अवैध विदेशी मदिरा रखी गई है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वृत प्रभारी हिमांशु अग्रवाल के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान झोलों में भरी हुई अवैध विदेशी मदिरा बरामद की गई, जिसमें ऑल सीजन, मैजिक मोमेंट, 8 पीएम, पिंक वोडका, मैंगो चिली, सिग्नेचर और बोल्ट बीयर शामिल हैं।
कुल 82.25 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1,10,000 रुपये बताई गई है।
आरोपिया भारती पति पवन के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) और 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है।
