Theft Case Busted in Surajpur, 3 Accused Arrested; Jewellery Worth ₹4 Lakh Recovered
सूरजपुर: जयनगर और करंजी क्षेत्र में हुई चोरी की दो बड़ी वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से करीब 4 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं।
दरअसल, सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली निकिता गुप्ता ने 9 मार्च 2026 को चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 28 फरवरी को घर में ताला लगाकर बाहर जाने के बाद, जब वह 1 मार्च को लौटीं, तो घर के पीछे का दरवाजा खुला मिला और अलमारी से सोने-चांदी के जेवर गायब थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन संदेहियों—उमंग गुप्ता (24 वर्ष), बृजलाल सिंह उर्फ रोहित (19 वर्ष) और हेमंत देवांगन उर्फ शिवम (20 वर्ष) से पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उन्होंने बताया कि महिला के घर बंद होने का फायदा उठाकर उन्होंने चोरी की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दुल्हन पायल, बिछिया, कमरधनी, सोने का मांगटीका, बाली, चांदी के सिक्के और आर्टिफिशियल गहने जब्त किए हैं।
इसके अलावा, पूछताछ के दौरान करंजी चौकी क्षेत्र की एक और चोरी का मामला भी सामने आया, जिसमें आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया। वहां से भी सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए।
दोनों मामलों में कुल मिलाकर करीब 4 लाख रुपये के जेवर बरामद हुए हैं। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में जयनगर थाना और करंजी चौकी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस पूरे मामले का खुलासा किया है।
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
