Police Crackdown on Modified Silencers in Gadarwara
गाडरवारा से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। तेज आवाज वाले मॉडीफाइड साइलेंसरों के खिलाफ अभियान चलाते हुए 25 साइलेंसरों को सार्वजनिक रूप से नष्ट किया गया है।
गाडरवारा में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस और ट्रैफिक विभाग एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। तेज आवाज वाले मॉडीफाइड साइलेंसर लगाकर नियमों की अनदेखी करने वालों पर बड़ी कार्रवाई की गई है
आज शाम करीब 4 बजे पलोटनगंज क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान जब्त किए गए 25 मॉडीफाइड साइलेंसरों को सार्वजनिक रूप से नष्ट कर दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत की गई। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया, एसडीओपी ललित सिंह डागुर सहित पुलिस और यातायात विभाग का अमला मौजूद रहा।
पुलिस के मुताबिक, ये साइलेंसर पिछले कुछ दिनों में गाडरवारा और आसपास के इलाकों से जब्त किए गए थे। अब नियम तोड़ने वालों पर सिर्फ चालान ही नहीं, बल्कि ऐसे अवैध साइलेंसरों को सीधे नष्ट भी किया जा रहा है।
इस कार्रवाई के बाद बाइक चालकों में हड़कंप मच गया है और कई लोग अपने वाहनों से मॉडीफिकेशन हटाने में जुट गए हैं।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अवैध मॉडीफिकेशन न करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क हादसों और ध्वनि प्रदूषण से बचा जा सके।
