Six Arrested for Attempt to Murder in Gwalior Over Old Rivalry, Weapons Recovered
ग्वालियर: ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला करने वाले 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाइसेंसी और अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी सोबरन सिंह बीएसएफ का जवान बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, सोबरन सिंह ने अपने दो बेटों और तीन साथियों के साथ मिलकर एक युवक पर लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी थी। गोली लगने से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था।
दरअसल, यह घटना 6 मार्च की देर रात थाटीपुर थाना क्षेत्र के थाटीपुर बजरिया इलाके की है। फरियादी सूरज सैनी ने पुलिस को बताया कि वह घर के बाहर बैठा हुआ था। उसी दौरान सोबरन सिंह आर्य, उसके दो बेटे अभिषेक आर्य और राहुल आर्य तथा उनके साथी शुभम खटीक, सोहेल खान और सक्षम खटीक पुराने विवाद को लेकर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर सोबरन सिंह ने 12 बोर की बंदूक से जान से मारने की नीयत से गोली चला दी, जो सूरज सैनी के कंधे में जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था।
घायल की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी। पुलिस टीम ने दबिश देकर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने हमला करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपी सोबरन सिंह से 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक और सोहेल खान से अवैध .315 बोर का देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोबरन सिंह बीएसएफ का जवान है और वर्तमान में गुजरात में पदस्थ है।
फिलहाल पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
