UP: Fraud in Sub-Inspector Recruitment Exam, STF Arrests Another Accused; Five Held So Far
उत्तर प्रदेश में उपनिरीक्षक (दरोगा) भर्ती परीक्षा के नाम पर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ एसटीएफ की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल पांच लोगों को पकड़ा जा चुका है।
मेरठ एसटीएफ की फील्ड यूनिट ने शनिवार रात थाना राया क्षेत्र के मोहल्ला शिवपुरी में रजनी लाइब्रेरी के पास से अनुज कुमार को गिरफ्तार किया। वह मथुरा जिले के थाना राया क्षेत्र के ग्राम हवेली का रहने वाला है।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन, उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के दो एडमिट कार्ड, अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के चार एडमिट कार्ड, आठ व्हाट्सएप चैट और सामान्य ज्ञान की एक किताब बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खुद भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात गोपाल रावत नाम के युवक से हुई, जो अभ्यर्थियों को उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा पास कराने का झांसा देकर उनसे करीब 22 लाख रुपये तक की मांग करता था। अनुज का काम ऐसे अभ्यर्थियों को ढूंढना और उन्हें गोपाल रावत से मिलवाना था।
एसटीएफ की जानकारी के आधार पर थाना राया में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं, फरार चल रहे मुख्य आरोपी गोपाल रावत की तलाश जारी है। भर्ती परीक्षा की निगरानी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड और एसटीएफ की टीमें लगातार कर रही हैं।
