Monitoring of Petrol Pumps and Gas Agencies Intensified on DM’s Orders; Teams Formed to Prevent Hoarding
बहराइच, 12 मार्च।जनपद में डीजल, पेट्रोल और घरेलू गैस सिलेंडरों की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जमाखोरी व अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देश पर नगर क्षेत्र और सभी तहसीलों में विशेष निगरानी टीमें गठित की गई हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि टीमें अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते हुए पेट्रोल पम्पों और गैस एजेंसियों पर सतत निगरानी रखें। यह सुनिश्चित किया जाए कि आम नागरिकों को नियमानुसार डीजल, पेट्रोल और गैस सिलेंडर की आपूर्ति हो। यदि किसी पम्प या गैस एजेंसी द्वारा जमाखोरी, कालाबाजारी या किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ सुसंगत धाराओं में विधिक कार्रवाई के लिए तत्काल आख्या प्रस्तुत की जाएगी।
नगर क्षेत्र के लिए गठित टीम का नेतृत्व नगर मजिस्ट्रेट करेंगे। इस टीम में जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, नगर के पूर्ति निरीक्षक, संबंधित क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष, वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप विज्ञान तथा ऑयल और एलपीजी कंपनियों के विक्रय अधिकारी शामिल किए गए हैं।
इसी प्रकार तहसील स्तर पर भी उप जिलाधिकारियों के नेतृत्व में टीमें गठित की गई हैं।
तहसील सदर में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और पूर्ति निरीक्षक चित्तौरा, रिसिया, हुजूरपुर व तेजवापुर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। तहसील पयागपुर में पूर्ति निरीक्षक पयागपुर, विशेश्वरगंज और हुजूरपुर को टीम में शामिल किया गया है। तहसील कैसरगंज क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक कैसरगंज, जरवल, फखरपुर और हुजूरपुर को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि महसी तहसील में पूर्ति निरीक्षक महसी, तेजवापुर और शिवपुर निगरानी करेंगे।
तहसील नानपारा में पूर्ति निरीक्षक नवाबगंज, शिवपुर, बलहा और रिसिया को टीम में शामिल किया गया है। वहीं मोतीपुर तहसील क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक मिहींपुरवा और बलहा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पेट्रोल पम्पों और गैस एजेंसियों पर किसी भी प्रकार की मनमानी या जमाखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों को आवश्यक ईंधन और गैस की निर्बाध व नियमानुसार आपूर्ति सुनिश्चित कराना है।
