Nishant Kumar's entry into Bihar politics has created a new stir.
बिहार। की राजनीति में निशांत कुमार की एंट्री ने नई हलचल पैदा कर दी है। केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने निशांत कुमार के राजनीति में आने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की इच्छा पूरी हुई है और निशांत जल्द ही सभी जिलों में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
ललन सिंह ने ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान को लेकर ममता बनर्जी संविधान विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के लिए न तो संविधान का कोई महत्व है और न ही देश प्रेम का। ललन सिंह ने कहा कि एक आदिवासी महिला जो देश के सर्वोच्च पद पर आसीन हैं, उनके लिए भी ममता बनर्जी के मन में कोई सम्मान नहीं है।
शत्रुघ्न सिन्हा की टिप्पणियों पर ललन सिंह ने कहा कि ये सिनेमा वाले लोग क्या बोलेंगे? ये तो ममता बनर्जी की कृपा पर सांसद बने बैठे हैं। उन्होंने शत्रुघ्न सिन्हा के बयानों को ‘जी-हुजुरी’ करार दिया है।
निशांत कुमार की भूमिका और सरकार में हिस्सेदारी पर ललन सिंह ने कहा कि जब भूमिका तय होगी, तो सलाह ले ली जाएगी, फिलहाल कोई नई सरकार तो बन नहीं रही है। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार जल्द ही बिहार के हर जिले का दौरा करेंगे और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
