पारस टियरा अपार्टमेंट में AOA चुनाव पर लगे आरोप सेक्टर-137 में स्थानीयों ने धांधली की बात कही , दोबारा चुनाव की मांगनोएडा : नोएडा सेक्टर-137 स्थित पारस टियरा अपार्टमेंट के निवासियों ने जमकर विरोध किया।
बीते दिनों अपार्टमेंट ओनर्स असोसिएशन (AOA) का चुनाव हुआ जिसके परिणामों पर विवाद खड़ा हो गया है। 1 मार्च को घोषित चुनाव परिणामों पर गंभीर सवाल उठाते हुए निवासियों ने स्वतंत्र जांच और दोबारा चुनाव कराने की मांग की है।
इस संबंध में निवासियों ने डिप्टी रजिस्ट्रार (नोएडा व गाजियाबाद) वैभव कुमार को शिकायती पत्र भेजा है। लोगों का कहना है कि पहले भी AOA में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर फरेंसिक ऑडिट कराया गया था।
आरोप है कि कुछ सदस्य हाल ही में हुए चुनावों में कथित हेराफेरी के जरिये जीतने में सफल रहे हैं। निवासियों ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप लगा कि बिना क्रमांक मतपत्र जारी किए गए, निष्पक्ष निवासी चुनाव समिति का गठन नहीं हुआ और मतदान समाप्ति से मतगणना के बीच मतपेटियों की सुरक्षा को लेकर भी पारदर्शिता नहीं रही। इसके अलावा कुल पड़े मतों और उनके मिलान का विवरण भी सार्वजनिक नहीं किया गया।
निवासियों ने चुनाव अधिकारियों विवेक सिंह, अभय सिंह और मोहम्मद हसीब की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने घोषित बोर्ड की मान्यता पर रोक लगाने, चुनाव से जुड़े सभी अभिलेखों व सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने और सक्षम प्राधिकारी की निगरानी में समयबद्ध जांच कराने की मांग की गई है।
वही संबंधित मामले पर AOA प्रेजिडेंट सुखपाल सिंह राणा ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ हुई है। चुनाव सीसीटीवी की निगरानी में तीन चुनाव अधिकारियों की देखरेख में किया गया। सारे अरोप निराधार है कुछ लोग सोसाइटी का माहौल खराब करने के लिए फर्जी आरोप लगा रहे हैं।
