CM Yogi Inaugurates Yatharth Hospital in Agra, Says Healthcare Must Be Affordable and Reliable
लखनऊ/आगरा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आगरा में यथार्थ हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जब समाज, सरकार और संस्थाएं एक साथ मिलकर काम करती हैं तो उसका परिणाम विश्वास के रूप में सामने आता है और विश्वास ही सबसे बड़ी पूंजी होती है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य से बढ़कर कुछ भी नहीं है और लोगों को सही, सस्ती और विश्वसनीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि यथार्थ ग्रुप लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देकर समाज की सेवा करेगा और सरकार भी इस क्षेत्र में हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है।
हर नागरिक को अच्छी स्वास्थ्य सुविधा का अधिकार
सीएम योगी ने कहा कि हर व्यक्ति को अच्छी स्वास्थ्य सुविधा मिलना उसका अधिकार है और हर संप्रभु देश को अपने नागरिकों को यह सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है और देश तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि देश में हाईवे, एक्सप्रेसवे, मेट्रो, रेलवे और नई तकनीकों के विकास के साथ वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाओं का विस्तार हो रहा है।
सरकार और समाज मिलकर करेंगे काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपने स्तर पर प्रयास कर रही है, लेकिन जब सरकार और समाज मिलकर काम करते हैं तो परिणाम कई गुना बेहतर आते हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में निजी निवेश की भी आवश्यकता है और सरकार इस दिशा में नई नीतियां लेकर आ रही है।
उन्होंने निजी क्षेत्र से मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लिए आगे आने का आह्वान किया और कहा कि सरकार इस दिशा में पूरा सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यथार्थ ग्रुप का यह आठवां अस्पताल है और उम्मीद है कि यह आगरा के लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र बनेगा।
मेडिकल कॉलेजों की संख्या में हुआ बड़ा इजाफा
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में केवल 17 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि अब प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में “वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया” की स्थिति थी, लेकिन अब सरकार “वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज” की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में रायबरेली और गोरखपुर में दो एम्स संचालित हो रहे हैं और विकास के साथ-साथ कल्याणकारी योजनाएं भी तेजी से लागू की जा रही हैं।
स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत उत्तर प्रदेश में 5.60 करोड़ लोगों को गोल्डन कार्ड जारी किए जा चुके हैं और यह संख्या जल्द ही 10 करोड़ तक पहुंचने वाली है। इसके अलावा शिक्षामित्रों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं समेत 10 लाख से अधिक लोगों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा दी गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले में मुफ्त डायलिसिस और सीटी स्कैन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और आधुनिक तकनीकों को भी स्वास्थ्य सेवाओं में शामिल किया जा रहा है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में नई पहलें
मुख्यमंत्री ने बताया कि आईआईटी कानपुर और एसजीपीजीआई लखनऊ में मेडटेक के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही ललितपुर में 1500 एकड़ में फार्मा पार्क और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में 350 एकड़ में मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित किया जा रहा है। प्रदेश में टेलीमेडिसिन जैसी सुविधाएं भी शुरू की गई हैं।
उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारी पर नियंत्रण पाया गया है और अब डेंगू, मलेरिया, कालाजार और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों पर भी लगातार निगरानी और नियंत्रण के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस कार्यक्रम में संत विजय कौशल महाराज, केंद्रीय मंत्री और आगरा के सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल, भाजपा प्रदेश महामंत्री धर्मपाल, कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य और योगेंद्र उपाध्याय समेत कई जनप्रतिनिधि और यथार्थ ग्रुप के पदाधिकारी मौजूद रहे।
