‘Army Alone Cannot Solve Every Issue’: PM Modi’s Clear Message on US-Iran War
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका-ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के बीच दुनिया को बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान केवल सैन्य ताकत से नहीं हो सकता।
प्रधानमंत्री मोदी ने यह बात गुरुवार को नई दिल्ली में फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही। उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध और मध्य पूर्व में बढ़ते संघर्ष के बीच यह समझना जरूरी है कि संवाद, कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय नियम ही किसी भी विवाद को सुलझाने का सही रास्ता हैं।
आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख
पीएम मोदी ने वैश्विक चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया को अब पुरानी वैश्विक संस्थाओं में सुधार की सख्त जरूरत है। उन्होंने कहा कि वैश्विक संस्थाओं में सुधार सिर्फ जरूरी ही नहीं, बल्कि जल्द से जल्द होना चाहिए। साथ ही उन्होंने दोहराया कि हर रूप में आतंकवाद को जड़ से खत्म करना भारत की मजबूत प्रतिबद्धता है।
भारत-यूरोप रिश्तों पर भी चर्चा
प्रधानमंत्री ने यूरोपीय संघ के साथ जनवरी में हुए ऐतिहासिक व्यापार समझौते का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक अस्थिरता के दौर में भारत और यूरोप के रिश्ते एक नए और मजबूत दौर में प्रवेश कर रहे हैं, जो वैश्विक स्थिरता, विकास और समृद्धि को नई दिशा देंगे।
फिनलैंड के साथ बढ़ेगी साझेदारी
पीएम मोदी ने फिनलैंड के साथ रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। इस दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर भी किए गए, जिससे द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी शांति, संवाद और सहयोग ही आगे बढ़ने का रास्ता है, न कि सैन्य टकराव।
