Youth Climbs Power Tower on NH-9 in Ghaziabad, Indirapuram Police Saves His Life
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक अचानक बिजली के टावर पर चढ़ गया। मामला शिप्रा चौकी क्षेत्र के दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के पास 62 कट का है।
पुलिस के अनुसार आज दिनांक 03/03/2026 को सुबह करीब 8 बजे अजय कश्यप पुत्र बीरबल, निवासी ग्राम मोली, थाना जनपद औरैया, उम्र लगभग 26 वर्ष, शराब के नशे में बिजली के टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तत्काल सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही इंदिरापुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालात की गंभीरता को देखते हुए एक आरक्षी सिविल ड्रेस में अपनी जान की परवाह किए बिना टावर पर चढ़ गया और काफी समझाने-बुझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी की बहादुरी की सराहना की जा रही है।
