Greater Noida: Engineering Student Dies in Bike-Pickup Collision on Yamuna Expressway While Going to Celebrate Holi
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में इंजीनियरिंग के छात्र की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब छात्र बाइक से मथुरा के बरसाना में होली खेलने जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, दनकौर कोतवाली क्षेत्र में शाम करीब पांच बजे बाइक और पिकअप वाहन के बीच टक्कर हो गई। ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान यह दुर्घटना हुई, जिसमें बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान 22 वर्षीय प्रतीक अमरीक के रूप में हुई है। वह बिहार के हाजीपुर का रहने वाला था और देहरादून के एक विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह बरसाना में होली का त्योहार मनाने के लिए जा रहा था।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल छात्र को तुरंत ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
दनकौर थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान की गई और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिवार की शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
