Uttar Pradesh State Road Transport Corporation has started special preparations.
होली के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। त्योहारों पर जरूरत के अनुसार बसों के अतिरिक्त फेरे बढ़ाए जाएंगे और रोजाना करीब 300 अतिरिक्त ट्रिप चलाए जाएंगे। गाजियाबाद क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक के. एन. चौधरी ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। सभी बसों की फिटनेस जांच पूरी कर ली गई है और जो बसें तकनीकी कारणों से बंद थीं उन्हें भी ठीक कर संचालन में शामिल किया गया है।
दिल्ली से नजदीकी के कारण गाजियाबाद में त्योहारों पर यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ जाती है। ऐसे में यहां से दिल्ली के प्रमुख आईएसबीटी सराय काले खां आईएसबीटी, कश्मीरी गेट आईएसबीटी और आनंद विहार आईएसबीटी के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। इन बस अड्डों से उत्तर प्रदेश के कई शहरों और अन्य राज्यों के लिए बसों का संचालन होता है। होली के अवसर पर लखनऊ, बरेली, हल्द्वानी, कानपुर, आगरा सहित प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।
गाजियाबाद से इस बार लगभग 300 बसों का अतिरिक्त संचालन अलग से किया जाएगा। लाल कुआं पॉइंट जो शहर का प्रमुख चौराहा माना जाता है वहां यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन विभाग की अलग टीम तैनात की गई है। पिछले वर्ष त्योहार के दौरान करीब 2300 बस डिपार्चर दर्ज किए गए थे जबकि इस बार यह आंकड़ा 2600 के पार जाने की संभावना है। अधिकारियों का कहना है कि भीड़ के अनुसार फौरन अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी ताकि किसी यात्री को परेशानी न हो।
अगर किसी समय गाजियाबाद में बसों की कमी महसूस होती है तो आसपास के क्षेत्रों मेरठ, मुरादाबाद, नोएडा और सहारनपुर से भी बसें मंगाई जाएंगी। त्योहारों के समय प्राइवेट बसों का किराया अक्सर बढ़ जाता है जिससे आम लोगों को ज्यादा खर्च उठाना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम अतिरिक्त ट्रिप चला रहा है ताकि लोग कम किराए में अपने घर सुरक्षित पहुंच सकें।
चालक और परिचालकों को भी अतिरिक्त फेरे के लिए प्रोत्साहन दिया जाएगा। 28 फरवरी से 9 मार्च 2026 तक गाजियाबाद क्षेत्र में होली विशेष प्रोत्साहन योजना लागू रहेगी। अधिक ट्रिप लगाने वाले कर्मचारियों को तय मानकों के अनुसार इंसेंटिव मिलेगा।
कौशांबी बस स्टैंड जो आनंद विहार रेलवे स्टेशन और बस अड्डे के पास स्थित है वहां भी विशेष व्यवस्था रहेगी। ट्रेनों या आनंद विहार में भीड़ होने पर बड़ी संख्या में यात्री कौशांबी पहुंचते हैं। उत्तराखंड और पूर्वांचल के लिए जाने वाली कई बसें भी गाजियाबाद से संचालित होती हैं। कुल मिलाकर निगम का प्रयास है कि त्योहार पर हर यात्री सुरक्षित, समय पर और किफायती यात्रा कर सके।
