Successful Earthquake Disaster Mock Drill Conducted in Madhubani; All Stakeholders Demonstrated Swift Response
मधुबनी। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश एवं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को मधुबनी जिले में पांच स्थानों पर भूकंप आधारित मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान भूकंप एवं आगजनी जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का व्यापक पूर्वाभ्यास किया गया।
मॉक ड्रिल का आयोजन वाटसन उच्च विद्यालय परिसर, समाहरणालय परिसर, सदर अस्पताल परिसर, सिटी कार्ट मॉल एवं मिथिला चित्रकला संस्थान में किया गया। सभी स्थलों पर संबंधित विभागों द्वारा समन्वित रूप से बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास किया गया।
समाहरणालय स्थित डिस्ट्रिक्ट इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम से भूकंप की सूचना जारी होते ही सभी स्टेकहोल्डर्स को अलर्ट किया गया। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आपदा मित्र, गृह रक्षक एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हो गईं और त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रदर्शन किया।
एनडीआरएफ की टीम अत्याधुनिक उपकरणों से लैस होकर घटनास्थलों पर पहुंची और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया। समाहरणालय परिसर में मॉक ड्रिल के दौरान इमारत के अंदर से घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था का प्रदर्शन किया।
सिटी कार्ट मॉल में आगजनी की काल्पनिक सूचना के बाद अग्निशमन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित निकालने का सफल अभ्यास किया।पूरे कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग भी प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराए गए लिंक के माध्यम से की गई।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता (आपदा) संतोष कुमार, जिला लोक शिकायत पदाधिकारी राजेश कुमार सिंह, डीटीओ रामबाबू, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद, उप निदेशक जनसंपर्क परिमल कुमार, एसडीओ चंदन झा, प्रभारी पदाधिकारी (आपदा) रजनीश कुमार, होमगार्ड कमांडेंट अमित कुमार, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ के कमांडेंट, डॉ. राजीव रंजन सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
यह मॉक ड्रिल जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
