Bride Shot on Stage During Wedding Ceremony in Bihar’s Buxar
Buxar जिले में एक शादी समारोह उस समय दहशत में बदल गया, जब जयमाल के दौरान स्टेज पर खड़ी दुल्हन को गोली मार दी गई। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा नगर पंचायत स्थित मल्लाह टोली की है।
जानकारी के मुताबिक, बारात उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमनपुर से चौसा आई थी। जयमाल की रस्म चल रही थी और दुल्हन आरती कुमारी (18 वर्ष) स्टेज पर मौजूद थी। तभी पड़ोस का एक युवक अचानक मंच पर चढ़ गया और दुल्हन के पेट में गोली मार दी।
गोली लगते ही दुल्हन गंभीर रूप से घायल होकर स्टेज पर गिर पड़ी। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बारातियों व ग्रामीणों में भगदड़ की स्थिति बन गई। मौका पाकर आरोपी युवक फरार हो गया।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल दुल्हन को तुरंत बक्सर के सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
प्रेम प्रसंग का मामला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोपी युवक दुल्हन का पड़ोसी बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
