CM Yogi’s Singapore Visit: Temasek Shows Interest in Investing in UP, Focus on Logistics and Healthcare
लखनऊ: उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे की शुरुआत अहम बैठकों के साथ हुई। दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री ने विदेशी निवेशकों और कॉरपोरेट प्रतिनिधियों से मुलाकात कर राज्य में निवेश संभावनाओं और औद्योगिक सहयोग पर विस्तृत चर्चा की।
टेमासेक चेयरमैन से अहम बैठक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर की प्रमुख निवेश कंपनी टेमासेक होल्डिंग्स के चेयरमैन टियो ची हीन और उनकी टीम से मुलाकात की। बैठक में टेमासेक के वैश्विक निवेश पोर्टफोलियो और उत्तर प्रदेश में संभावित निवेश अवसरों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने उन्हें अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य सेवाएं, वेयरहाउसिंग, फिनटेक आधारित शहरी विकास सहित कई क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
गाजियाबाद में 500 करोड़ का हेल्थ निवेश
बैठक के दौरान टेमासेक की पोर्टफोलियो कंपनी मनिपाल हॉस्पिटल्स द्वारा गाजियाबाद में लगभग 500 करोड़ रुपये के निवेश की जानकारी साझा की गई। वहीं असेंडास कंपनी द्वारा राज्य में लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग सुविधाओं के विकास के लिए करीब 500 करोड़ रुपये निवेश की योजना पर भी चर्चा हुई। इन परियोजनाओं को प्रदेश की स्वास्थ्य और औद्योगिक संरचना को मजबूती देने वाला कदम माना जा रहा है।
डेटा सेंटर और स्किल डेवलपमेंट पर सहयोग
दोनों पक्षों ने डेटा सेंटर विकास और कौशल प्रशिक्षण जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। इससे राज्य में आधुनिक अवसंरचना और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
निवेशकों को बताई यूपी की ताकत
मुख्यमंत्री ने निवेशकों को उत्तर प्रदेश की बेहतर कानून-व्यवस्था, विकसित एक्सप्रेसवे नेटवर्क, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर नीति, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और उभरते लॉजिस्टिक्स हब की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के तहत निवेशकों को पारदर्शी और अनुकूल माहौल प्रदान कर रही है।
ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था लक्ष्य की दिशा में कदम
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार दीर्घकालिक निवेश साझेदारी के जरिए रोजगार सृजन और तकनीकी विकास को गति देना चाहती है। इस दौरे को उत्तर प्रदेश में विदेशी निवेश आकर्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि निवेश प्रोत्साहन अभियान के तहत उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी इन दिनों यूरोप दौरे पर हैं।
