Agra: High School Student Beaten at Police Outpost, Arm Fractured; Two Sub-Inspectors Suspended
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में पुलिस पर बर्बरता का गंभीर आरोप लगा है। हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे एक छात्र को कथित तौर पर पुलिस चौकी पर पीटने से उसका हाथ टूट गया, जिसके कारण वह अब परीक्षा देने में असमर्थ हो गया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस अधिकारियों ने दो दरोगाओं को निलंबित कर दिया है।
घर से चौकी ले गई पुलिस
घटना किरावली थाना क्षेत्र की मिढ़ाकुर चौकी के नानपुर गांव की है। पीड़ित छात्र करन के परिजनों के अनुसार, 18 फरवरी को करन परीक्षा की तारीख देखने के बाद घर लौटा था। उसी दौरान दरोगा ईशांत और अनुराग घर पहुंचे और स्कूल में मारपीट के आरोप लगाते हुए करन और एक अन्य युवक को चौकी ले गए। छात्र के पिता नरेंद्र कुमार भी उनके साथ चौकी पहुंचे।
रिश्वत न देने पर मारपीट का आरोप
परिजनों का आरोप है कि चौकी पर करन को छोड़ने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की गई। रुपये न देने पर दरोगाओं ने छात्र को डंडों और पट्टे से बेरहमी से पीटा। शाम करीब 7:30 बजे उसे छोड़ा गया। घर लौटने के बाद छात्र दर्द से कराहता रहा और हाथ में सूजन आ गई।
मेडिकल जांच में टूटी हड्डी की पुष्टि
अगले दिन डॉक्टर को दिखाने पर छात्र के दाहिने हाथ की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई। चोट गंभीर होने के कारण वह हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएगा।
दोनों दरोगा निलंबित, जांच जारी
पीड़ित परिवार ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की, जिसके बाद डीसीपी पश्चिमी आदित्य कुमार ने प्राथमिक जांच के आधार पर दोनों आरोपित दरोगाओं को निलंबित कर दिया। मामले की जांच एसीपी किरावली शैलेंद्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
