Major Blast at Explosives Factory in Nagpur Kills 15
नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर जिले में रविवार सुबह एक विस्फोटक फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके से बड़ा हादसा हो गया। कटोल तहसील के राउलगांव स्थित एसबीएल एनर्जी लिमिटेड कंपनी के कारखाने में हुए विस्फोट में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 18 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, यह धमाका खनन और औद्योगिक विस्फोटक बनाने वाली कंपनी एसबीएल एनर्जी लिमिटेड की डेटोनेटर पैकिंग यूनिट में सुबह करीब 7 बजे से 7:15 बजे के बीच हुआ। विस्फोट इतना जोरदार था कि फैक्ट्री परिसर में अफरातफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया तथा घायलों को नागपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में 15 लोगों की जान गई है और कई अन्य गंभीर हालत में इलाजरत हैं।
कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक, बचाव अभियान जारी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
