हरदोई। जिले के बेनीगंज थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने दो महिला शिक्षामित्रों से चेन लूटकर फरार होने की घटना को अंजाम दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना प्रतापनगर-संडीला मार्ग से निकले लालपुर लिंक मार्ग पर हुई। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने दो महिला शिक्षामित्रों को निशाना बनाते हुए उनकी चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित महिलाओं की पहचान कीर्ति वाजपेयी और पूनम तिवारी के रूप में हुई है। दोनों कछौना थाना क्षेत्र के अहिरावा गांव की रहने वाली हैं और ब्लॉक कोथावा की ग्राम पंचायत नगवा स्थित लालपुर गांव में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत हैं।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की तस्वीरें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) लक्ष्मीकान्त गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: दिनेश राजपूत
स्थान: हरदोई, उत्तर प्रदेश
