हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव बदनौली में सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी और गांव की गली के रास्ते को लेकर चल रहा पुराना विवाद शुक्रवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज के बाद जमकर पथराव हुआ।
इसी दौरान एक पक्ष द्वारा रायफल से ताबड़तोड़ फायरिंग किए जाने से गांव में दहशत फैल गई। गोली और पत्थर लगने से चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया सोशल मीडिया कमेंटबाजी से बढ़ी थी तनातनी
मिली जानकारी के अनुसार, बदनौली गांव में दो पक्षों के युवाओं के बीच सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ कमेंटबाजी को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इसके साथ ही गांव की गली के रास्ते को लेकर भी दोनों पक्षों में तनातनी बनी हुई थी। शुक्रवार को किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के युवक आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी और गाली-गलौज हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया रायफल से ताबड़तोड़ फायरिंग से मची भगदड़
पथराव के दौरान एक पक्ष के युवक द्वारा कथित रूप से रायफल निकालकर फायरिंग कर दी गई। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर भगदड़ मच गई और ग्रामीणों में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। गोली लगने से दीपक और गोलू घायल हो गए, जबकि मुनेश और बंटी को पथराव के दौरान चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार, घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है चार आरोपी हिरासत में, गांव में पुलिस बल तैनात घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों की हालत स्थिर है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
