हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बस स्टैंड रोड पर एक निजी ट्रैवल्स कंपनी के कर्मचारियों पर यात्री के साथ मारपीट और अभद्रता करने का आरोप लगा है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना सदर बस स्टैंड की है, जहां न्यू शताब्दी ट्रेवल्स के संचालक और उनके कर्मचारियों पर एक यात्री के साथ बीच सड़क पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काफी देर तक यात्री के साथ मारपीट होती रही, जबकि मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे।
बताया जा रहा है कि यात्री ने बस का टिकट खरीद लिया था और उसे रसीद भी दी गई थी, लेकिन कथित तौर पर बस में सीट उपलब्ध नहीं कराई गई। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस स्टैंड रोड पर अवैध स्टॉप बनाकर कुछ निजी डबल डेकर बसों का संचालन किया जाता है। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: अज़हर बेग
स्थान: हमीरपुर, उत्तर प्रदेश
